छत्तीसगढ़ से लाखों विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं पालकों की उत्साहजनक सहभागिता
रायपुर | 09 फरवरी 2026
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के दूसरे चरण का छत्तीसगढ़ में सफल आयोजन हुआ। राज्यभर के विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर हुए प्रसारण में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं पालकों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
राज्य शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यक्रम का प्रथम चरण 06 फरवरी 2026 को आयोजित हुआ था, जिसमें छत्तीसगढ़ के 36,903 विद्यालयों में लाइव प्रसारण किया गया। इसे 26.65 लाख विद्यार्थी, 1.54 लाख शिक्षक एवं 1.68 लाख पालकों सहित कुल 29.87 लाख दर्शकों ने देखा।
समुदाय की सहभागिता बढ़ाने के लिए राज्यभर में 478 सार्वजनिक स्थलों पर भी कार्यक्रम दिखाया गया, जहां करीब 42 हजार नागरिकों ने भाग लिया।
प्रथम चरण में महासमुंद जिले की कक्षा 12वीं की छात्रा कु. सृष्टि साहू को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से सीधे प्रश्न पूछने का अवसर मिला, जो प्रदेश के लिए गर्व का विषय रहा।
द्वितीय चरण में भी छत्तीसगढ़ की मजबूत भागीदारी
परीक्षा पे चर्चा का द्वितीय चरण 09 फरवरी 2026 को आयोजित किया गया। इस चरण में भी राज्य की व्यापक सहभागिता देखने को मिली।
द्वितीय चरण में छत्तीसगढ़ के 36,905 विद्यालयों में कार्यक्रम का प्रसारण हुआ, जिसे 26.65 लाख विद्यार्थी, 1.54 लाख शिक्षक एवं 1.68 लाख पालकों सहित कुल 29.89 लाख दर्शकों ने देखा। इसके साथ ही 478 सार्वजनिक स्थलों पर लगभग 42 हजार लोगों ने सामूहिक रूप से कार्यक्रम का लाभ लिया।
प्रधानमंत्री से प्रश्न पूछने का मिला अवसर
द्वितीय चरण में रायपुर जिले के माना कैम्प स्थित पीएम श्री नवोदय विद्यालय के कक्षा 11वीं के विद्यार्थी तेजस चन्द्राकर को प्रधानमंत्री से सीधे प्रश्न पूछने का अवसर मिला।
तेजस ने परीक्षा के बाद भ्रमण योग्य स्थलों के संबंध में जानकारी मांगी। इस पर प्रधानमंत्री श्री मोदी ने छात्र को अपने तहसील, जिला और राज्य स्तर पर देखने योग्य स्थानों की सूची बनाकर यात्रा योजना तैयार करने तथा इन यात्राओं को सीखने के अवसर के रूप में अपनाने का प्रेरणादायक सुझाव दिया।





