May 13, 2026

‘पति पत्नी और वो दो’ का टीजर रिलीज, आयुष्मान खुराना का रोमांटिक कॉमेडी अवतार

नई दिल्ली। साल 2019 में रिलीज हुई हिट फिल्म ‘पति पत्नी और वो’ के बाद अब इसका सीक्वल ‘पति पत्नी और वो दो’ आने के लिए तैयार है। मेकर्स ने हाल ही में फिल्म का टीजर रिलीज कर दिया है। पहले यह फिल्म 4 मार्च 2026 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी नई रिलीज डेट 15 मई 2026 तय की गई है। फिल्म का निर्देशन मुदस्सर अजीज ने किया है।

टीजर में क्या है खास
मेकर्स द्वारा जारी 1 मिनट 22 सेकंड के टीजर में दिखाया गया है कि समय बदलने के बावजूद पतियों की फितरत नहीं बदली है। फिल्म में कॉमेडी और रोमांस का तड़का देखने को मिलता है। टीजर में आयुष्मान खुराना सारा अली खान, रकुल प्रीत सिंह और वामिका गब्बी के साथ रोमांस करते नजर आ रहे हैं।

फिल्म में विजय राज भी नजर आते हैं, जो पुलिस अधिकारी की भूमिका में दिखेंगे। टीजर में आयुष्मान का किरदार कई महिलाओं के बीच फंसकर मुश्किल हालात में नजर आता है और उनसे बचने की कोशिश करता दिखता है।

स्टारकास्ट और प्रोडक्शन
फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ में आयुष्मान खुराना, सारा अली खान, रकुल प्रीत सिंह और वामिका गब्बी मुख्य भूमिकाओं में हैं। वहीं विजय राज भी अहम किरदार निभा रहे हैं। फिल्म को भूषण कुमार और रेणु रवि चोपड़ा ने प्रोड्यूस किया है।

क्यों टली रिलीज डेट
मेकर्स ने रिलीज टालने की वजह बताते हुए कहा था कि वे फिल्म को जल्दबाजी में रिलीज नहीं करना चाहते। टीम चाहती है कि पोस्ट-प्रोडक्शन का काम पूरी तरह से पूरा हो ताकि दर्शकों को बेहतर एंटरटेनमेंट अनुभव मिल सके।