रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने रायपुर में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार, भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल करते हुए कहा कि देश को यह बताना चाहिए कि वे आखिर किससे नहीं डरते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “हम मोदी जी से एक सूची चाहते हैं कि वे किससे नहीं डरते। चीन, पाकिस्तान, नेपाल… आखिर किससे नहीं डरते, यह देश को बताइए।” इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और आरएसएस की नीतियों पर भी निशाना साधा।
चीन और विदेश नीति पर उठाए सवाल
पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि भाजपा जिस चीन को “लाल आंख दिखाने” की बात कहकर सत्ता में आई थी, आज उसी चीन का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि चीन खुले तौर पर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) का समर्थन कर रहा है और केंद्र सरकार की विदेश नीति पूरी तरह विफल साबित हुई है।
‘जनता के मुद्दों से ध्यान भटका रही सरकार’
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जानबूझकर विवाद पैदा कर रही है ताकि जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाया जा सके। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर, रेत माफिया, महंगाई, बेरोजगारी और छात्रों की समस्याओं जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा नहीं हो रही है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ‘छात्रों की गूंज’ अभियान शुरू किया है, जिसके जरिए छात्रों और युवाओं की आवाज उठाई जाएगी।
RSS और धार्मिक मुद्दों पर भी साधा निशाना
पवन खेड़ा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के हालिया बयान का हवाला देते हुए कहा कि ऐसे बयान समाज में तनाव पैदा करते हैं। उन्होंने सवाल किया कि यदि बुलडोजर कार्रवाई की बात होती है तो क्या यह कार्रवाई सभी पर समान रूप से लागू होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि धार्मिक भावनाओं का राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।
महंगाई और विदेश दौरों पर भी उठाए सवाल
खेड़ा ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों और बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार को आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ को कम करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार विदेश दौरों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इन यात्राओं के ठोस परिणाम देश के हित में दिखाई नहीं दे रहे हैं।
मीडिया की निष्पक्षता की सराहना
प्रेसवार्ता के दौरान पवन खेड़ा ने छत्तीसगढ़ के मीडिया की निष्पक्षता की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय मीडिया को भी निष्पक्ष पत्रकारिता से सीख लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मीडिया का दायित्व सत्ता से सवाल पूछना और जनता के मुद्दों को प्रमुखता देना है। कांग्रेस आने वाले समय में जनता, छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार अभियान और आंदोलन चलाएगी।





