गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।
पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया और 25 हजार वोल्ट की ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) लाइन को पकड़ने का प्रयास करने लगा। रेलवे प्रशासन और सुरक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, स्टेशन स्टाफ की नजर जैसे ही मालगाड़ी की छत पर खड़े युवक पर पड़ी, उन्होंने तत्काल मेन ट्रैक की बिजली आपूर्ति (पावर ब्लॉक) बंद करवा दी। समय रहते बिजली बंद किए जाने से युवक हाई-वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। युवक लगातार आत्महत्या की बात कहकर बिजली का तार पकड़ने की जिद कर रहा था। पुलिसकर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर मालगाड़ी पर चढ़ाई की और काफी समझाइश के बाद भी नहीं मानने पर हल्का बल प्रयोग करते हुए उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
पूछताछ में पता चला कि युवक गौरेला के तरईगांव का रहने वाला है और मानसिक रूप से अस्वस्थ है। वह घर से बिना बताए रेलवे स्टेशन पहुंच गया था और आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश कर रहा था।
आरपीएफ ने युवक को सुरक्षित हिरासत में लेकर उसके परिजनों से संपर्क किया। परिजनों के स्टेशन पहुंचने पर युवक की मानसिक स्थिति को देखते हुए आवश्यक समझाइश के बाद उसे उनके सुपुर्द कर दिया गया। रेलवे प्रशासन की सतर्कता और सुरक्षा बलों की सूझबूझ से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।





