July 31, 2026

मालगाड़ी के नीचे से निकलना पड़ा भारी, ट्रेन चलने से अधेड़ की कटकर मौत

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में मालगाड़ी की चपेट में आने से करीब 55 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टेशन पर मालगाड़ी खड़ी थी। इसी दौरान अधेड़ शॉर्टकट के लिए मालगाड़ी के नीचे से होकर ट्रैक पार करने लगा। तभी ट्रेन को सिग्नल मिलते ही वह चल पड़ी और व्यक्ति पहियों की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पास से कोई पहचान पत्र या मोबाइल नहीं मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जीआरपी ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 55 वर्ष है और घटना के समय उसने नीले रंग के कपड़े पहन रखे थे। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि इस हुलिए के किसी लापता व्यक्ति की जानकारी हो तो पेंड्रा रोड जीआरपी से संपर्क करें।