May 18, 2026

पेट्रोल-डीजल पर बड़ी राहत: एक्साइज ड्यूटी में कटौती, CM साय ने जताया आभार

रायपुर। केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए डीजल को एक्साइज ड्यूटी से मुक्त करने और पेट्रोल पर 10 रुपये प्रति लीटर की कटौती कर एक्साइज ड्यूटी को मात्र 3 रुपये प्रति लीटर करने का निर्णय लिया है। इस फैसले का मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने स्वागत किया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश की जनता की ओर से प्रधानमंत्री Narendra Modi के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इस निर्णय से देश के हर वर्ग—किसान, श्रमिक, मध्यमवर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट के इस दौर में भी केंद्र सरकार द्वारा आम नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न डालना एक संवेदनशील और जनहितकारी कदम है। इससे सीधे तौर पर आमजन के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

मुख्यमंत्री साय ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने इस फैसले को प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता, संवेदनशीलता और देशवासियों के प्रति समर्पण का उदाहरण बताया।