राजनांदगांव। जिले में पद्मश्री से सम्मानित समाजसेवी फूलबासन बाई यादव के अपहरण की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से यह बड़ी वारदात टल गई। पुलिस ने मामले में दो महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घटना सुकुल देहान क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि दो महिलाएं कार से फूलबासन बाई यादव के घर पहुंचीं और किसी काम का बहाना बनाकर उन्हें अपने साथ कार में बैठा लिया। इसके बाद आरोपियों ने उनका मुंह बांधकर नेशनल हाईवे की ओर भागने की कोशिश की।
वाहन चेकिंग ने बचाई जान
इसी दौरान क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। जैसे ही संदिग्ध कार को रोका गया, फूलबासन बाई यादव ने साहस दिखाते हुए इशारों में पुलिसकर्मियों को अपनी स्थिति बताई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को पकड़ लिया और उन्हें सुकुल देहान पुलिस के हवाले कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पूछताछ के बाद ही अपहरण की कोशिश के पीछे की असल वजह सामने आएगी। अच्छी बात यह है कि फूलबासन बाई यादव सुरक्षित हैं।





