May 19, 2026

राज्यसभा में फूलोदेवी नेताम की मांग: छत्तीसगढ़ में नई रेल लाइन और ट्रेनों का विस्तार जरूरी

नई दिल्ली। राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम ने संसद में शून्यकाल के दौरान छत्तीसगढ़ में रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग उठाई। उन्होंने कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया।

सांसद ने कहा कि छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के आदिवासी और पिछड़े क्षेत्रों को मजबूत रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए पेंड्रा रोड–अमरकंटक–डिंडोरी–मंडला–घंसौर–लखनादौन–गोटेगांव (श्रीधाम) नई रेल लाइन बेहद महत्वपूर्ण है। यह परियोजना धार्मिक पर्यटन, खासकर अमरकंटक-नर्मदा क्षेत्र के विकास को बढ़ावा देगी और इटारसी जंक्शन के जरिए दिल्ली व मुंबई से बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगी।

उन्होंने बिलासपुर को CTCE Plan-2030 में शामिल करने की मांग भी दोहराई। साथ ही रायपुर–सिकंदराबाद (12771/72) और नागपुर–मुंबई दुरंतो (12290) ट्रेनों का विस्तार बिलासपुर तक करने की जरूरत बताई।

फूलोदेवी नेताम ने कोरबा–बीकानेर एक्सप्रेस को जल्द शुरू करने, कोरबा स्टेशन की पिटलाइन को चालू करने और कोरबा से नई दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन शुरू करने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि इन लंबित परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी।