तेज रफ्तार पिकअप ने ली दो महिलाओं की जान
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। गौरेला थाना क्षेत्र में आज सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बेला बाई पनसारी और सुशीला वर्मा रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं, तभी एक तेज रफ्तार पिकअप कैंपर (MP 21 G 0992) ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार, 20 फीट दूर जा गिरीं महिलाएं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों महिलाएं 15 से 20 फीट दूर जा गिरीं। हादसे के बाद पिकअप वाहन पास में खड़ी बस से भी जा टकराया, जिससे घटना और भयावह हो गई।
ड्राइवर फरार, हेल्पर घायल
घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। सनत रात्रे ने बताया कि वाहन का हेल्पर संदीप यादव घायल हुआ है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक लल्लू की तलाश जारी है।
इलाके में आक्रोश, तेज रफ्तार पर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि मुख्य सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण ऐसे हादसे लगातार हो रहे हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





