September 4, 2026

PM Modi Greets Countrymen On Janmashtami: जन्माष्टमी पर पीएम मोदी ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं, बोले- श्रीकृष्ण के संदेशों में नि:स्वार्थ कर्म की प्रेरणा

नई दिल्ली। देशभर में आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। यह पर्व भगवान विष्णु के आठवें अवतार भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। हिंदू मान्यताओं के अनुसार द्वापर युग में इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ था। द्रिक पंचांग के अनुसार, इस वर्ष भगवान श्रीकृष्ण का 5253वां जन्मोत्सव मनाया जा रहा है।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य संदेशों में नि:स्वार्थ कर्म की अद्भुत प्रेरणा निहित है, जिसने मानवता का निरंतर मार्गदर्शन किया है।

पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा, “आप सभी को जन्माष्टमी की अनेकानेक शुभकामनाएं। भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य संदेशों में नि:स्वार्थ कर्म की अद्भुत प्रेरणा निहित है, जिसने मानवता का निरंतर मार्गदर्शन किया है। उनकी भक्ति और उपासना को समर्पित यह पावन अवसर हर किसी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और शक्ति का संचार करे, यही कामना है। जय श्रीकृष्ण!”

अमित शाह ने भी दी बधाई

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि धर्म, नीति और लोककल्याण के प्रतीक योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें।

अमित शाह ने कहा, “समस्त देशवासियों को ‘श्रीकृष्ण जन्माष्टमी’ के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। धर्म, नीति और लोककल्याण के प्रतीक योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें। जय श्री कृष्ण।”

दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने की सुख-समृद्धि की कामना

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी जन्माष्टमी के पावन अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से प्रत्येक घर में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की कामना की।

उन्होंने अपने संदेश में कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन और श्रीमद्भगवद्गीता का शाश्वत संदेश हमें धर्म, कर्तव्य और लोककल्याण के मार्ग पर दृढ़ रहने की प्रेरणा देता है।

रेखा गुप्ता ने आगे लिखा, “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की! श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर आप सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मुरलीधर श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम भी सिखाता है, कर्तव्य भी और धर्म के पथ पर अडिग रहने का साहस भी। द्वारकाधीश की कृपा से हर घर में सुख, शांति, समृद्धि और आनंद का वास हो, यही प्रार्थना है। जय श्रीकृष्ण!”