नई दिल्ली, 06 अप्रैल 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज भाजपा के 47वें स्थापना दिवस पर देशभर के कार्यकर्ताओं को बधाई दी और पार्टी को अपनी “मां” बताते हुए इसके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भाजपा का स्थापना दिवस केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह कार्यकर्ताओं के लिए भावुक अवसर है, जब वे राष्ट्रसेवा के लिए पार्टी का योगदान याद करते हैं।
पीएम मोदी ने विशेष रूप से नए भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन की तारीफ की। उन्होंने कहा कि पांच राज्यों में चल रहे चुनावों के दौरान उन्होंने पार्टी में नई ऊर्जा और कार्यशैली में नयापन देखा। पीएम मोदी ने कहा, “ऐसा लग रहा है, नवीन जी ने पार्टी में नवीनता भर दी है।”
प्रधानमंत्री ने भाजपा के वर्तमान शिखर तक पहुँचने में लाखों कार्यकर्ताओं के तप, त्याग और समर्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि यही प्रयास पार्टी को लगातार मजबूती दे रहे हैं। उन्होंने देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं और पार्टी समर्थकों को एक बार फिर स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी।





