September 4, 2026

ईद-मिलाद-उन-नबी पर PM मोदी का खास संदेश, बोले- एकता, शांति और खुशियों को बढ़ावा दे यह पवित्र अवसर

नई दिल्ली। ईद-मिलाद-उन-नबी के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों, खासकर मुस्लिम समाज को शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि यह पवित्र अवसर समाज में एकता, शांति और खुशियों की भावना को मजबूत करेगा। उन्होंने लोगों से दया और समाज के लिए कुछ करने की भावना को हमेशा अपना मार्गदर्शक बनाए रखने की अपील की।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश साझा करते हुए लिखा, “ईद मुबारक! मिलाद-उन-नबी की बधाई। मुझे उम्मीद है कि यह मौका हमारे चारों ओर एकता और खुशी को बढ़ाएगा। दया और समाज को कुछ वापस देने की भावना हमेशा हमारा मार्गदर्शन करे।”

क्या है ईद-मिलाद-उन-नबी?

मिलाद-उन-नबी को ईद-ए-मिलाद और मौलिद के नाम से भी जाना जाता है। यह दिन पैगंबर मोहम्मद के जन्म की खुशी और उनके जीवन व शिक्षाओं को याद करने के लिए मनाया जाता है। इस्लामी परंपरा के अनुसार, पैगंबर मोहम्मद का जन्म करीब 570 ईस्वी में मक्का में हुआ था। यह पर्व इस्लामी कैलेंडर के तीसरे महीने रबी-अल-अव्वल में मनाया जाता है।

इस अवसर पर पैगंबर मोहम्मद के जीवन, उनके संदेश और शिक्षाओं को याद किया जाता है।

देशभर में होते हैं धार्मिक आयोजन

ईद-मिलाद-उन-नबी के मौके पर देश के अलग-अलग हिस्सों में मस्जिदों और दरगाहों को रोशनी से सजाया जाता है। विशेष नमाज और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। कई जगहों पर जुलूस भी निकाले जाते हैं। इसके अलावा जरूरतमंदों के बीच खाना, मिठाइयां और कपड़े बांटने जैसे सामाजिक कार्य किए जाते हैं।

पीएम मोदी ने ओणम की भी दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओणम के मौके पर केरलवासियों को भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर संदेश साझा करते हुए कहा कि ओणम खुशी, साथ और खुशहाली की भावना को मजबूत करने वाला शानदार त्योहार है। पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि यह पर्व लोगों के जीवन में खुशियां और समृद्धि लेकर आएगा।