रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के सरोना, चांपा और बालोद रेलवे स्टेशन भी राष्ट्र को समर्पित किए जाएंगे। इनमें रायपुर के निकट स्थित सरोना रेलवे स्टेशन का करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं के साथ पुनर्विकास किया गया है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस हुआ सरोना रेलवे स्टेशन
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सरोना रेलवे स्टेशन को यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक स्वरूप दिया गया है। स्टेशन पर 95 वर्गमीटर का नया कॉनकोर्स भवन, 2000 वर्गमीटर का विकसित सर्कुलेटिंग एरिया, नया फुट ओवरब्रिज, 7 प्लेटफॉर्म शेल्टर, 2800 वर्गमीटर प्लेटफॉर्म अपग्रेडेशन, 2 लिफ्ट, आधुनिक प्रतीक्षालय, उन्नत शौचालय, दूसरा प्रवेश द्वार, पर्याप्त पार्किंग, एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली और सीसीटीवी कैमरों जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। स्टेशन परिसर को छत्तीसगढ़ की लोक कला की थीम पर भी सजाया गया है।
पुनर्विकास के दौरान संरक्षित रखे गए पुराने पेड़
सरोना स्टेशन के पुनर्विकास की खास बात यह रही कि निर्माण कार्य के दौरान पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा गया। परिसर में मौजूद 6 से अधिक पुराने पेड़ों को सुरक्षित रखा गया है। इनमें एक बड़ा पेड़ प्लेटफॉर्म के बीच स्थित है, जो अब स्टेशन की विशेष पहचान बन गया है। इसके अलावा परिसर के अन्य बड़े पेड़ों को भी संरक्षित रखते हुए विकास कार्य किया गया।
‘विकसित भारत’ के संकल्प को मिल रही नई गति – CM साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में एक दूरदर्शी पहल है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे अभूतपूर्व बदलाव के दौर से गुजर रही है। आधुनिक सुविधाओं और विश्वस्तरीय अधोसंरचना से लैस रेलवे स्टेशन विकसित भारत के संकल्प को नई गति दे रहे हैं और इससे प्रदेश के विकास के साथ आम यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा।





