रायपुर। राजधानी में लगातार लग रहे ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए पुलिस ने नया ट्रैफिक प्लान लागू किया है। कमिश्नरेट क्षेत्र में मालवाहक वाहनों के कारण खासकर रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
नई व्यवस्था के तहत भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर सुबह 5 बजे से रात 12 बजे तक प्रतिबंध लगा दिया गया है। वहीं हल्के मालवाहक वाहनों के आवागमन पर शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक (4 घंटे) रोक रहेगी। यह नियम रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर प्रभावी रहेगा।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस कदम से स्टेशन क्षेत्र में जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी और यात्रियों की आवाजाही सुगम बनेगी।
300 से अधिक गोदामों से बढ़ती समस्या
जानकारी के अनुसार तेलघानी नाका चौक, गंज मंडी और भैंसथान जैसे भारी ट्रैफिक वाले इलाकों में 300 से अधिक गोदाम संचालित हैं। यहां लोडिंग-अनलोडिंग के दौरान हल्के मालवाहक वाहनों की आवाजाही से जाम की स्थिति बनती है।
स्टेशन क्षेत्र के आसपास संचालित परच्यून गोदामों को शहर से बाहर विस्थापित करने की जरूरत भी महसूस की जा रही है। जब तक विस्थापन नहीं होता, तब तक सुचारू ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने प्रमुख मार्गों पर हल्के मालवाहक वाहनों पर 4 घंटे का प्रतिबंध लागू किया है।
इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
- अग्रसेन चौक से भैंसथान मार्ग – तेलघानी नाका चौक
- राठौर चौक से तेलघानी नाका चौक
- फाफाडीह चौक – स्टेशन चौक – तेलघानी नाका चौक
- चुना भट्टी से गुढ़ियारी अंडर ब्रिज, नर्मदा पारा होकर स्टेशन चौक निकास गेट तक
- कर्मा चौक रामनगर से रामनगर ब्रिज एवं अंडर ब्रिज होकर तेलघानी नाका चौक
- नहरपारा संजय गांधी चौक से स्टेशन गुरुद्वारा की ओर
पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नई ट्रैफिक व्यवस्था का पालन करें, ताकि शहर में सुगम और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित हो सके।





