नई दिल्ली। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार, 9 अगस्त को मुलाकात की। पीएम आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी शामिल हुए। प्रधानमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी और उनके प्रदर्शन की सराहना की।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर खिलाड़ियों के साथ मुलाकात की एक रील भी शेयर की। इसमें उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा, “जो खेलेगा, वो खिलेगा। हमेशा देश का हौसला बढ़ाएं।” इसके बाद पीएम मोदी ने खिलाड़ियों के साथ “भारत माता की जय” का नारा भी लगाया।
साक्षी चौधरी ने होस्ट किया वीडियो
पीएम मोदी द्वारा शेयर की गई रील में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय महिला बॉक्सर साक्षी चौधरी वीडियो को होस्ट करती नजर आईं। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया।
वीडियो की शुरुआत में साक्षी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कॉमनवेल्थ गेम्स के सभी मेडलिस्ट को बुलाया है और इस मुलाकात से सभी खिलाड़ी गर्व महसूस कर रहे हैं। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी खिलाड़ियों से बातचीत करते और उनका उत्साह बढ़ाते दिखाई दिए।
भारत ने जीते 39 पदक
ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय दल ने कुल 39 पदक जीते। इनमें 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य पदक शामिल हैं। इस प्रदर्शन के साथ भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा।
भारतीय खिलाड़ियों ने बॉक्सिंग, एथलेटिक्स, वेटलिफ्टिंग, पैरा एथलेटिक्स और जूडो समेत कई खेलों में शानदार प्रदर्शन किया।
बॉक्सिंग में भारत का शानदार प्रदर्शन
बॉक्सिंग भारत के लिए सबसे सफल खेलों में शामिल रहा। भारतीय मुक्केबाजों ने कुल 10 पदक जीते, जिनमें 7 स्वर्ण और 3 रजत पदक शामिल हैं।
वहीं एथलेटिक्स में भारत ने 10 पदक, वेटलिफ्टिंग में 8, पैरा एथलेटिक्स में 6, जूडो में 4 और पैरा पावरलिफ्टिंग में 1 पदक हासिल किया।
जूडो में भारत ने रचा इतिहास
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में जूडो में भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि भी रही। भारतीय खिलाड़ी ने पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स के जूडो इवेंट में स्वर्ण पदक जीतने में सफलता हासिल की।
अब एशियन गेम्स पर नजर
कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन के बाद अब भारतीय खिलाड़ियों की नजर आगामी एशियन गेम्स पर है। जापान में होने वाले इस आयोजन में भारतीय एथलीटों से एक बार फिर बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।





