नई दिल्ली:
नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच मोहम्मद बिन सलमान से फोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने क्षेत्र के मौजूदा हालात और बढ़ते संघर्ष पर गंभीर चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने ऊर्जा और नागरिक बुनियादी ढांचे पर हो रहे हमलों की कड़ी निंदा करते हुए चिंता जताई। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इस बातचीत की जानकारी दी।
अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच हुई यह बातचीत काफी अहम मानी जा रही है। दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में जहाजों की निर्बाध आवाजाही बनी रहनी चाहिए, ताकि वैश्विक सप्लाई चेन प्रभावित न हो।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्होंने क्षेत्र में बढ़ते तनाव, नागरिकों की जान जाने और बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान पर गहरी चिंता व्यक्त की है। साथ ही सऊदी अरब में रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा और सहयोग के लिए क्राउन प्रिंस का आभार भी जताया।
दोनों नेताओं ने समुद्री मार्गों को सुरक्षित और खुला बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया, जिससे वैश्विक व्यापार और आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से जारी रह सके।





