अम्बिकापुर | 05 फरवरी 2026
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) के अंतर्गत जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, अम्बिकापुर (सरगुजा) द्वारा जनपद पंचायत सभाकक्ष उदयपुर में एक दिवसीय उद्यमिता जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जिले में सूक्ष्म खाद्य उद्यमों को प्रोत्साहित कर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना रहा।
शिविर में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME), प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) तथा औद्योगिक विकास नीति 2024-30 की विस्तृत जानकारी प्रतिभागियों को दी गई। विभागीय अधिकारियों अश्विनी शुक्ला (प्रबंधक), सूर्योदय कुमार साहू (सहायक प्रबंधक), संदीप पन्ना (सहायक प्रबंधक) एवं जुही सब्बा (बीपीएम) ने योजनाओं की पात्रता, अनुदान, ऋण प्रक्रिया एवं आवेदन की जानकारी विस्तार से साझा की।
शिविर में खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े स्वयं सहायता समूहों, व्यक्तिगत इकाइयों एवं कार्यरत उद्यमियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने अधिक से अधिक नए प्रकरण तैयार कर बैंक ऋण स्वीकृति के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को पीएमएफएमई योजना एवं अन्य विभागीय योजनाओं से संबंधित पम्पलेट और ब्रोशर भी वितरित किए गए, ताकि वे योजनाओं की जानकारी लेकर अपने उद्यम स्थापित या विस्तारित कर सकें।
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के मुख्य महाप्रबंधक ने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता शिविरों के माध्यम से जिले में सूक्ष्म खाद्य उद्यमों को मजबूत कर युवाओं और समूहों को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।




