कोरिया। बैकुंठपुर में पूजा पैकरा आत्महत्या मामले को लेकर न्याय की मांग तेज हो गई है। रविवार को सर्व आदिवासी समाज के नेतृत्व में सामाजिक संगठनों, परिजनों और स्थानीय लोगों ने विशाल रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले में सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है।
एसपी कार्यालय घेराव के लिए निकली रैली
प्रदर्शनकारी हाथों में न्याय की मांग वाले पोस्टर लेकर एसपी कार्यालय घेराव के लिए निकले। रैली में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। हालांकि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रास्ते में ही रोक दिया। इसके बाद कुमार चौक पर लोगों ने नारेबाजी करते हुए पूजा पैकरा के लिए न्याय की मांग उठाई और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
आईसी मार्ट संचालक पर प्रताड़ना का आरोप
परिजनों और प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि आईसी मार्ट के संचालक की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर पूजा पैकरा ने 8 जुलाई की दोपहर आत्महत्या कर ली थी। मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी विनोद वैद्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन दो अन्य नामजद आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में आक्रोश है।
एसपी को सौंपा ज्ञापन, दी आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान सर्व आदिवासी समाज और पीड़ित परिवार ने कोरिया पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो सर्व आदिवासी समाज उग्र आंदोलन शुरू करेगा।





