रायपुर। मशहूर कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा का केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर दिया गया एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में प्रदीप मिश्रा ने अमित शाह को ‘कलयुग में शंकर का अवतार’ बताया है। वीडियो को छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेता अजय साहू ने फेसबुक पर शेयर करते हुए प्रदीप मिश्रा पर तीखा हमला बोला है।
कांग्रेस नेता ने साधा निशाना
वीडियो शेयर करते हुए अजय साहू ने कथावाचक प्रदीप मिश्रा पर निशाना साधा और उन्हें कथित तौर पर अपशब्दों के साथ संबोधित किया। उन्होंने लिखा कि, “सुनिए, सनातन के ठेकेदारों भावनाएं आहत हुई कि नहीं? ये सब पाखंडी भगवा की आड़ में बीजेपी के एजेंट और प्रचारक हैं। जागो हिंदुओं, नहीं तो ढोंगी आपका धर्म और जीवन दोनों बर्बाद कर देंगे।”
अजय साहू की इस पोस्ट के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है और वीडियो को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
एक साल पुराना बताया जा रहा वीडियो
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा पंडित प्रदीप मिश्रा का यह वीडियो करीब एक साल पुराना है। वीडियो में वे पहलगाम हमले का जिक्र करते हुए अमित शाह को कलयुग में शंकर का अवतार बताते नजर आ रहे हैं।
प्रदीप मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा था कि अमित शाह शांत और मौन रहते हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर उनका ‘तांडव’ भी देखने को मिलता है। अब पुराने वीडियो के दोबारा वायरल होने के बाद इस पर सियासी प्रतिक्रिया सामने आई है।





