May 14, 2026

पुजारी कांकेर में पहली बार लगा व्यापक प्रशासनिक शिविर, ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ

रायपुर। माओवाद प्रभावित और अत्यंत सुदूर ग्राम पंचायत पुजारी कांकेर में प्रशासन ने पहली बार ऐसा व्यापक जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया, जहां कभी जनताना सरकार की कथित जन-अदालत लगती थी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के “सुशासन तिहार-2026” के तहत आयोजित इस शिविर ने ग्रामीणों में नई उम्मीद जगाई।

शिविर में पहली बार सभी विभागों का अमला एक साथ गांव पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा और बच्चे शामिल हुए। ग्रामीणों ने योजनाओं की जानकारी लेकर आवेदन भी किए और पूरे समय शिविर में सक्रिय रूप से मौजूद रहे।

इस शिविर में पुजारी कांकेर सहित आसपास के कई ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने भाग लिया। कुल 29 आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया, जबकि अन्य आवेदनों पर कार्रवाई जारी है।

शिविर में क्रेडा, जल जीवन मिशन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यानिकी, वन, मत्स्य, विद्युत, राजस्व तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित सभी विभागों ने अपनी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों से आवेदन लिए।

कार्यक्रम में गर्भवती माताओं की गोदभराई और नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने निःशुल्क जांच, दवा वितरण और परामर्श सेवाएं दीं, जबकि पशुधन विकास विभाग ने पशुओं के उपचार और रोग नियंत्रण की जानकारी दी।

जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा ने कहा कि यह मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता का परिणाम है कि आज ऐसे क्षेत्र में प्रशासन सीधे पहुंच रहा है, जहां कभी भय के कारण सामान्य गतिविधियां भी प्रभावित होती थीं।

शिविर का संचालन एसडीएम उसूर भूपेन्द्र गावरे और जनपद पंचायत सीईओ प्रभाकर चंद्राकर के समन्वय से किया गया।