July 23, 2026

Pune Hooch Tragedy: जहरीली शराब से 15 की मौत, पिंपरी-चिंचवड और हडपसर में हड़कंप

पुणे (महाराष्ट्र)। पुणे में जहरीली शराब पीने से बड़ा हादसा सामने आया है। पिछले दो दिनों में कुल 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस और प्रशासन मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, इनमें से 11 लोगों की मौत कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से हुई है, जबकि 4 अन्य मौतों के कारण अलग-अलग बताए जा रहे हैं। घटना पिंपरी-चिंचवड और हडपसर इलाके की है।

शराब पीने के बाद बिगड़ी तबीयत, मुंह से निकलने लगा झाग

पीड़ितों ने शराब पीने के कुछ समय बाद तबीयत बिगड़ने की शिकायत की। कई लोगों के मुंह से झाग निकलने लगा, जबकि कुछ लोग चक्कर खाकर गिर पड़े। कुछ मामलों में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ताकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके।

मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल

पुलिस के अनुसार अब तक 15 मौतों की पुष्टि हुई है। इनमें पिंपरी-चिंचवड के फुगेवाड़ी इलाके में 6 और हडपसर में 5 लोगों की मौत जहरीली शराब से जुड़ी मानी जा रही है। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।

आरोपी गिरफ्तार, सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी

राज्य उत्पाद शुल्क विभाग ने इस मामले में योगेश वानखेड़े नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने खुद सरेंडर किया था। उस पर आरोप है कि उसने पिंपरी और हडपसर क्षेत्रों में केमिकल मिली शराब सप्लाई की थी।

आरोपी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और पुलिस अब पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

इलाके में स्वास्थ्य कैंप, प्रशासन अलर्ट

घटना के बाद प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में हेल्थ कैंप लगाए हैं और लोगों की जांच की जा रही है। दो लोग अभी भी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।