रायपुर। विधायक पुरंदर मिश्रा ने रामनवमी के अवसर पर देशवासियों को बधाई देते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सभी को रामनवमी का पर्व श्रद्धा से मनाना चाहिए, खासकर कांग्रेस को पूजा करनी चाहिए क्योंकि उसका जनाधार लगातार खत्म हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रभु राम को काल्पनिक मानने के बजाय आस्था के साथ पर्व मनाना चाहिए और भगवान से सद्बुद्धि की प्रार्थना करनी चाहिए ताकि कांग्रेस मजबूत विपक्ष के रूप में बनी रह सके।
कांग्रेस द्वारा पंचायत स्तर पर कमेटियों के गठन की योजना पर भी उन्होंने सवाल उठाए। मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस बोलती कुछ और है और करती कुछ और है। अब तक प्रदेश, ब्लॉक और मंडल स्तर पर संगठन मजबूत नहीं कर पाई है, ऐसे में पंचायत स्तर पर कमेटियां बनाना उनके लिए असंभव है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में “आलू से सोना निकलता है” और पार्टी का जनाधार खिसक चुका है।
छत्तीसगढ़ की जेलों में 285 कैदियों की मौत के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग द्वारा मुख्य सचिव को नोटिस भेजे जाने पर भी मिश्रा ने प्रतिक्रिया दी। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह सतर्क है। शासन की नजर हर गतिविधि पर है और जो भी गड़बड़ी करेगा, उसे साय सरकार बख्शेगी नहीं। उन्होंने कहा कि जेल में बंद कैदियों का जीवन एक प्रक्रिया के तहत चलता है और शासन अपने स्तर पर काम कर रहा है।





