रायपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के बयान पर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अमरजीत भगत उनके प्रिय छोटे भाई हैं और कांग्रेस में जिस तरह अमरजीत भगत बयान देते हैं, उसी तरह भाजपा में वह अपनी बात रखते हैं। उन्होंने कहा कि अमरजीत भगत को वर्ष 2018 से 2023 तक का अपना कार्यकाल याद करना चाहिए, जब मंत्री बनने के लिए उन्हें काफी प्रयास करने पड़े थे।
पुरंदर मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस अपने पांच साल और भाजपा के ढाई साल के कार्यकाल की तुलना कर ले, इससे साफ हो जाएगा कि किस सरकार ने कितना काम किया है। उन्होंने दावा किया कि अमरजीत भगत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने की तैयारी में हैं और इसी वजह से लगातार बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगत चाहते हैं कि वर्तमान अध्यक्ष का कार्यकाल समाप्त हो और उन्हें जिम्मेदारी मिले।
कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर पर साधा निशाना
भाजपा विधायक ने कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वहां संगठन को मजबूत करने के बजाय फंडिंग जुटाने की रणनीति सिखाई जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में यह बताया जाता है कि चंदा कैसे जुटाया जाए और आर्थिक स्थिति कैसे मजबूत की जाए। उनके अनुसार कांग्रेस की बैठकों का मुख्य उद्देश्य आर्थिक संसाधन जुटाना होता है।
क्या कहा था अमरजीत भगत ने
इससे पहले पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने प्रदेश भाजपा पर तंज कसते हुए कहा था कि भाजपा के अंदरखाने में सब कुछ ठीक नहीं है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के भीतर असंतोष और व्याकुलता का माहौल है। भगत ने कहा था कि भाजपा भले ही ‘ऑल इज वेल’ कह रही हो, लेकिन जमीनी स्थिति कुछ और ही दिखाई दे रही है।





