July 23, 2026

‘भारत माता का सम्मान करने वाला ही करेगा राज’: वंदे मातरम विधेयक पर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा का कांग्रेस पर हमला

रायपुर। संसद के मानसून सत्र के पहले दिन राज्यसभा में प्रस्तावित ‘वंदे मातरम’ से जुड़े विधेयक को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति भी गरमा गई है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो भारत माता का सम्मान करेगा, वही इस देश में राज करेगा। उन्होंने कांग्रेस पर राष्ट्रवाद के मुद्दे पर सवाल उठाते हुए कई राजनीतिक टिप्पणियां कीं।

‘भारत माता की जय नहीं बोलना चाहती तो…’

भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि यदि कांग्रेस भारत माता की जय नहीं बोलना चाहती, तो उसे अपने रुख पर पुनर्विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि “जो भारत माता का सम्मान करेगा, वही इस देश में राज करेगा। कांग्रेस भारत माता की जय नहीं बोलना चाहती, तो कांग्रेस भारत में क्यों है?” उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए विवादित टिप्पणी भी की।

बिजली बिल अभियान पर कांग्रेस को घेरा

कांग्रेस के बिजली बिल अभियान पर प्रतिक्रिया देते हुए पुरंदर मिश्रा ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बिजली बिल से जुड़े ठेके कुछ चुनिंदा कंपनियों को दिए गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान जनता के साथ धोखा हुआ और पूरे मामले की जांच होनी चाहिए। भाजपा विधायक ने यह भी कहा कि कांग्रेस वर्तमान विष्णुदेव साय सरकार की छवि खराब करने का प्रयास कर रही है।

भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव पर भी साधा निशाना

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के हालिया संयुक्त दौरों पर भी पुरंदर मिश्रा ने राजनीतिक तंज कसा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में दोनों नेताओं की सरकार बनी, फिर उनके बीच मतभेद हुए और अब दोनों फिर साथ नजर आ रहे हैं। विधायक ने इस पर व्यंग्यात्मक टिप्पणी करते हुए कांग्रेस के भीतर की राजनीति पर निशाना साधा।