July 29, 2026

PWD के अफसरों को मुख्यालय में रहने के निर्देश, ठेकेदारों को हर महीने होगा भुगतान

रायपुर। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों (SDO) से लेकर प्रमुख अभियंता (ENC) तक अधिकारियों को मुख्यालय में अनिवार्य रूप से रहने के निर्देश दिए हैं।

विभाग के अनुसार, निर्माणाधीन कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग, स्वीकृत कार्यों को तत्काल प्रारंभ कराने और गुणवत्ता बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।

इधर, लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि किए गए कार्यों के आधार पर हर महीने भुगतान किया जाए, ताकि निर्माण कार्य प्रभावित न हों।

सचिव ने प्रमुख अभियंता को निर्देशित किया है कि ठेकेदारों के भुगतान में देरी रोकने के लिए एक-एक देयक (बिल) के बजाय संबंधित कार्यपालन अभियंताओं को तीन महीने के भुगतान के लिए आवश्यक राशि अग्रिम रूप से आबंटित की जाए।

विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से निर्माण कार्यों में तेजी आएगी और परियोजनाओं की प्रगति बेहतर होगी।