रायपुर। लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने आज वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय कामकाज की विस्तृत समीक्षा की। नवा रायपुर स्थित पीडब्ल्यूडी मुख्यालय ‘निर्माण भवन’ में आयोजित बैठक में उन्होंने विभागीय कार्यों में जनहित, गुणवत्ता और तकनीकी दक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान सचिव बंसल ने सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और गति सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आधुनिक तकनीकी उपकरणों, डिजिटलीकरण और सॉफ्टवेयर आधारित प्रणाली के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि सभी टेंडर प्रक्रियाएं पूरी पारदर्शिता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं। साथ ही निर्माण कार्यों की नियमित और सख्त मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि आधुनिक जियो-इन्फॉर्मेटिक्स तकनीक के जरिए निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग, मैपिंग और प्रोजेक्ट प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। अधिकारियों ने सचिव को टेंडर प्रक्रिया, कार्य आबंटन, बिलिंग प्रक्रिया और भुगतान प्रणाली की भी जानकारी दी।
बैठक में प्रदेशभर में चल रहे निर्माण कार्यों, टेंडर प्रक्रिया की प्रगति और आगामी परियोजनाओं की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सचिव बंसल ने अधिकारियों और ठेकेदारों के कार्य निष्पादन, तकनीकी प्रक्रियाओं और समयबद्ध भुगतान व्यवस्था की भी समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने रायपुर में निर्माणाधीन कचना रेलवे ओवरब्रिज परियोजना की प्रगति की जानकारी भी ली और गुणवत्ता नियंत्रण तथा तकनीकी व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।





