कोरबा। कटघोरा नगर पालिका क्षेत्र के रहमानिया नगर वार्ड में पिछले एक सप्ताह से पेयजल संकट गहराने लगा है। वार्ड में बीते 7 दिनों से पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद है, जिससे भीषण गर्मी के बीच लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि वार्डवासी बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं।
लगातार बनी हुई पानी की समस्या से परेशान और नाराज वार्ड के दर्जनों लोग शुक्रवार को एकजुट होकर नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पालिका प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपते हुए जल्द जलापूर्ति बहाल करने की मांग की।
मामले की जानकारी मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष ने तत्काल संज्ञान लिया। वार्डवासियों की परेशानी को देखते हुए उन्होंने संबंधित विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों को फटकार लगाई तथा समस्या का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।
पालिका अध्यक्ष ने लोगों को आश्वस्त किया कि शुक्रवार शाम से रहमानिया नगर वार्ड में पानी की आपूर्ति फिर से शुरू कर दी जाएगी, ताकि लोगों को जल संकट से राहत मिल सके।





