नई दिल्ली। दिल्ली में चलती स्लीपर बस में 16 वर्षीय नाबालिग से गैंगरेप की घटना को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली और उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकारों पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि आखिर इतने गंभीर मामले के बावजूद बस की जांच और निगरानी से जुड़े नियमों का पालन क्यों नहीं हो रहा है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली-NCR महिलाओं के लिए इतना असुरक्षित हो चुका है कि एक नाबालिग बच्ची के साथ ग्रेटर नोएडा से दिल्ली तक करीब 47 किलोमीटर की यात्रा के दौरान बस में गैंगरेप हुआ। उन्होंने सवाल किया कि निर्भया कांड के बाद इतने साल और इतनी घटनाएं होने के बावजूद ऐसी बसों की जांच और निगरानी के नियम लागू क्यों नहीं किए जा रहे हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि बस नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, दिल्ली के रिंग रोड और बॉर्डर से गुजरती रही, लेकिन किसी भी चेकपोस्ट पर उसे नहीं रोका गया। बस की सीटों पर पर्दे लगे होने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अंदर क्या हो रहा था, यह बाहर से दिखाई नहीं दे रहा था।
कांग्रेस सांसद ने दिल्ली पुलिस और यूपी पुलिस की जवाबदेही पर भी सवाल उठाया। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अधीन दिल्ली पुलिस और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अधीन यूपी पुलिस की जिम्मेदारी तय किए जाने की मांग करते हुए कहा कि इस अपराध पर भी कहीं पर्दा न डाल दिया जाए।
4 अगस्त की है घटना
जानकारी के मुताबिक घटना 4 अगस्त की है, जबकि इसका खुलासा 31 अगस्त को हुआ। बताया गया कि बस ग्रेटर नोएडा के परी चौक से पुरानी दिल्ली के कश्मीरी गेट जा रही थी। इसी दौरान करीब 47 किलोमीटर की यात्रा के बीच नाबालिग के साथ वारदात को अंजाम दिया गया।
मामले में पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। बस को भी जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।





