July 23, 2026

राहुल गांधी 21 जून को रायपुर आएंगे, जिला अध्यक्षों को देंगे संगठन मजबूत करने की ट्रेनिंग

रायपुर। विधानसभा चुनाव 2028 की तैयारी में जुटी छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए 20 से 29 जून तक अभनपुर में दस दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने जा रही है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देश पर होने वाले इस शिविर में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 21 जून को शामिल होंगे और नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को प्रशिक्षण देंगे।

राहुल गांधी प्रशिक्षण शिविर के दौरान जिला अध्यक्षों से सीधे संवाद करेंगे। वे संगठन विस्तार, फील्ड विजिट, सामाजिक-राजनीतिक गतिविधियों और जमीनी स्तर पर कांग्रेस को मजबूत करने के संबंध में महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश देंगे।

राहुल गांधी का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

AICC द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी 21 जून को दोपहर 2 बजे रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से अभनपुर स्थित प्रशिक्षण स्थल के लिए रवाना होंगे और शाम 5:30 बजे तक प्रशिक्षण सत्र में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे शाम 6:40 बजे दिल्ली लौट जाएंगे। इस दौरान राहुल गांधी करीब 4 घंटे 40 मिनट तक छत्तीसगढ़ में रहेंगे।

अभनपुर में होगा आवासीय प्रशिक्षण शिविर

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त जिला अध्यक्षों के लिए यह विशेष प्रशिक्षण शिविर अभनपुर स्थित अग्रवाल रिसोर्ट में आयोजित किया जाएगा। शिविर पूरी तरह आवासीय होगा और AICC का प्रशिक्षण विभाग इसकी जिम्मेदारी संभालेगा।

उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्षों को फील्ड विजिट, सकारात्मक सामाजिक गतिविधियों और जमीनी राजनीति की व्यावहारिक ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि वे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर सकें।

सचिन पायलट समेत वरिष्ठ नेता रहेंगे मौजूद

प्रशिक्षण शिविर में राहुल गांधी के साथ सचिन पायलट और कांग्रेस के प्रभारी सचिव भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय महासचिव भी शिविर में भाग लेंगे।

मिशन 2028 की तैयारी

कांग्रेस इसे संगठन सृजन अभियान के बाद पहला बड़ा प्रशिक्षण कार्यक्रम मान रही है। पार्टी का मानना है कि 2023 विधानसभा चुनाव में बूथ स्तर पर संगठनात्मक कमजोरी हार का प्रमुख कारण रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला अध्यक्षों को जनता से संवाद, फील्ड एक्टिविटी और संगठन निर्माण की विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी।

राजनीतिक जानकार राहुल गांधी के इस दौरे और प्रशिक्षण कार्यक्रम को कांग्रेस के ‘मिशन 2028’ की रणनीति की शुरुआत के रूप में देख रहे हैं।