गरियाबंद, 13 फरवरी 2026। जिले के लाईवलीहुड कॉलेज में 12 फरवरी को जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र विभाग द्वारा एक दिवसीय स्टार्टअप एवं उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं और हितग्राहियों को उद्यमिता, स्व-रोजगार और व्यवसाय प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं।
कार्यक्रम में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के उप महाप्रबंधक श्री रवि ध्रुव ने प्रतिभागियों को उद्यमिता विकास, बाजार की आवश्यकता, उपभोक्ता की पसंद, गुणवत्ता नियंत्रण और प्रभावी विपणन रणनीति पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने ब्रांडिंग, पैकेजिंग और प्रचार-प्रसार के महत्व को समझाते हुए प्रशिक्षणार्थियों को अपने उत्पादों को सफलतापूर्वक बाजार में स्थापित करने की जानकारी दी।
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत मिलने वाले आर्थिक सहायता, तकनीकी समर्थन, प्रशिक्षण और अनुदान के अवसरों के बारे में भी प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी दी गई। श्री ध्रुव ने कहा कि यह योजनाएँ युवाओं, महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए आत्मनिर्भर बनने का अवसर हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों ने उद्यमिता और व्यवसाय से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका समाधान किया गया। श्री ध्रुव ने सभी को सलाह दी कि छोटे स्तर से व्यवसाय शुरू करें, योजनाओं का लाभ उठाएं और धीरे-धीरे विस्तार करें।
कार्यक्रम के समापन पर लाईवलीहुड कॉलेज की सहायक परियोजना अधिकारी श्रीमती सृष्टि मिश्रा ने श्री रवि ध्रुव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम प्रशिक्षणार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी रहा और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि जिले के युवा आत्मनिर्भर और सक्षम उद्यमी बन सकें।




