रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में विंडो एसी में हुए ब्लास्ट के बाद घर में भीषण आग लग गई। हादसे में घर में सो रहे पिता-पुत्र आग की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से झुलसे पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल है और उसका अस्पताल में उपचार जारी है। घटना आईटीआई कॉलोनी क्षेत्र की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 3 बजे घर में लगे विंडो एसी में अचानक ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से पूरे घर में फैल गई। आग की लपटों और धुएं के बीच घर में मौजूद पुरुषोत्तम पटेल और उनके बेटे राजवीर पटेल को संभलने का मौका नहीं मिला।
स्थानीय लोगों ने घर से धुआं और आग की लपटें निकलती देख तत्काल मौके पर पहुंचकर मदद शुरू की। घर का दरवाजा बंद होने के कारण मोहल्लेवासियों ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दोनों को बाहर निकाला। हालांकि तब तक पुरुषोत्तम पटेल गंभीर रूप से झुलस चुके थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं राजवीर पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज जारी है।
हादसे में घर का पूरा सामान जलकर राख हो गया। घर में खड़ी मोटरसाइकिल और स्कूटी भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह खाक हो गईं। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, घायल राजवीर पटेल का हाल ही में 19वां जन्मदिन मनाया गया था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घटना के बाद मोहल्लेवासियों ने एंबुलेंस और पुलिस के देर से पहुंचने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सूचना देने के बावजूद राहत और बचाव दल समय पर नहीं पहुंचा, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह विंडो एसी में ब्लास्ट को माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।





