रायगढ़। शहर के कार्मेल स्कूल के पास स्थित आदित्य बिजनेस पार्क कॉम्प्लेक्स के सामने मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सड़क किनारे खड़ी एक बाइक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में वाहन जलकर पूरी तरह राख हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक से अचानक धुआं उठना शुरू हुआ और फिर आग की लपटें तेज़ी से फैल गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और बाइक को बचाया नहीं जा सका।
जानकारी के मुताबिक, यह बाइक श्रीराम फाइनेंस में कार्यरत किसी एजेंट की बताई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह पेट्रोल लीकेज या इंजन में तकनीकी खराबी मानी जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
हादसे के दौरान राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। जिस स्थान पर बाइक में आग लगी, उसके आसपास अन्य वाहन भी खड़े थे, जिन्हें समय रहते लोगों ने हटाकर बड़ी दुर्घटना टाल दी।
फिलहाल घटना को लेकर जांच की जा रही है कि बाइक में आग कैसे लगी।





