धरमजयगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन क्षेत्र में एक बार फिर हाथी-मानव संघर्ष की दर्दनाक घटना सामने आई है। कापू वन परिक्षेत्र के तालगांव में शनिवार तड़के एक जंगली हाथी बस्ती में घुस आया और जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान जान बचाकर भाग रही एक महिला पर हाथी ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतका की पहचान तालगांव निवासी शकुंतला बाई के रूप में हुई है। घटना के समय महिला अपनी दुधमुंही बच्ची के साथ थी। हाथी के हमले से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और ग्रामीण जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
वन विभाग की गाड़ी पर भी किया हमला
जानकारी के अनुसार, हाथी शनिवार सुबह करीब 4 बजे तालगांव बस्ती में घुसा। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हाथी ने वन विभाग के वाहन पर भी हमला कर नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद टीम ने हाथी को बस्ती से बाहर खदेड़ दिया।
अस्पताल में तोड़ा दम
हमले में घायल शकुंतला बाई को वन विभाग के कर्मचारियों ने तत्काल कापू अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मुआवजे की प्रक्रिया शुरू, गांवों में अलर्ट
घटना के बाद वन विभाग ने मृतका के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है। वन विभाग हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।





