July 31, 2026

Raigarh News: धरमजयगढ़ में हाथियों का आतंक, 5 मकान और झोपड़ी तोड़ी, फसल व अनाज किया बर्बाद

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल में हाथियों के दल ने जमकर उत्पात मचाया है। रविवार देर रात हाथियों ने कई ग्रामीणों के मकानों और एक झोपड़ी को नुकसान पहुंचाने के साथ ही आम की फसल और घरों में रखा अनाज भी बर्बाद कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पांच मकान और झोपड़ी को पहुंचाया नुकसान

जानकारी के अनुसार, लेलूंगा और कापू क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हाथियों का एक दल लगातार विचरण कर रहा है। रविवार रात हाथियों ने पांच मकानों और एक झोपड़ी को तोड़ दिया, जिससे ग्रामीणों को भारी नुकसान हुआ।

आम की फसल और चावल किया बर्बाद

हाथियों ने एक आम बगीचे की बाउंड्री तोड़कर फसल को नुकसान पहुंचाया। इसके अलावा घरों में रखे चावल के बोरे फाड़कर अनाज भी खा गए। अचानक हुए इस हमले से ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग पूरी रात जागकर अपने घरों और खेतों की निगरानी कर रहे हैं।

वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का जायजा लिया। विभाग ने आसपास के करीब एक दर्जन गांवों में अलर्ट जारी किया है तथा ग्रामीणों से सतर्क रहने और हाथियों के दल से दूरी बनाए रखने की अपील की है।