रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के ग्राम छर्रा टांगर में शनिवार को हाथियों के एक दल के गांव में पहुंचने से अफरा-तफरी मच गई। झुंड में दो हाथी के शावक भी शामिल थे। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने हाथियों को भगाने के लिए पटाखे फोड़े और पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, चार से पांच हाथियों का दल गांव के पानी वाले क्षेत्र में पहुंचा था। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। भीड़ द्वारा पटाखे फोड़ने और पत्थरबाजी किए जाने से दो हाथी के शावक कुछ समय के लिए रास्ता भटक गए। शावकों के साथ होने के कारण हाथियों का व्यवहार अधिक संवेदनशील और आक्रामक दिखाई दिया।
वन विभाग ने सुरक्षित निकाला हाथियों का दल
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने किसी तरह हाथियों के दल को सुरक्षित गांव से बाहर निकालकर जंगल की ओर रवाना किया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
शावक भटकते तो बढ़ सकती थी परेशानी
घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के एसडीओ डी. के. मांडवा ने बताया कि हाथियों का दल अपने सामान्य मार्ग से गांव के पानी वाले इलाके तक पहुंचा था। उन्होंने कहा कि यदि ग्रामीणों की भीड़ और हंगामे के कारण शावक अपने दल से अलग हो जाते या रास्ता भटक जाते, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। फिलहाल हाथियों का पूरा दल शावकों के साथ सुरक्षित जंगल की ओर लौट गया है।
वन विभाग की अपील
वन्यजीव विशेषज्ञों और वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों, विशेषकर शावकों के साथ मौजूद झुंड को किसी भी स्थिति में उकसाने की कोशिश न करें। ऐसे समय सुरक्षित दूरी बनाए रखें और केवल वन विभाग के निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।





