March 3, 2026

जिंदा जीजा को मृत बताकर मामा ने हड़पी बच्चों की करोड़ों की जमीन, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मामा ने अपने जीवित जीजा का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर अपने ही मासूम भांजे-भांजियों की करोड़ों रुपये की पुश्तैनी जमीन हड़प ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

जमीन बिकने की जानकारी से टूटा पीड़ित

मामला रायगढ़ जिले के ग्राम हालाहुली का है। पीड़ित मनीष शुक्ला को उस समय गहरा झटका लगा, जब उन्हें पता चला कि बिलासपुर के सकरी स्थित बच्चों की पुश्तैनी जमीन (खसरा नंबर 258, रकबा 0.1500 हेक्टेयर) उनकी जानकारी के बिना ही बेच दी गई है।

साले ने रची साजिश

जांच में खुलासा हुआ कि इस पूरे फर्जीवाड़े के पीछे मनीष शुक्ला का साला अखिलेश पांडेय और उसका भाई शामिल हैं। आरोपियों ने सरकारी दस्तावेजों और शपथ पत्रों में मनीष शुक्ला को मृत घोषित कर दिया और खुद को नाबालिग बच्चों का संरक्षक बताकर जमीन का सौदा कर डाला।

बच्चों के हिस्से की रकम भी हड़पी

आरोपियों ने जमीन बिक्री से मिली रकम को आपस में बांट लिया, जिससे मासूम बच्चों के भविष्य पर सीधा हमला हुआ।

इन धाराओं में दर्ज हुआ केस

पीड़ित की शिकायत पर बिलासपुर के सकरी थाना में आरोपियों के खिलाफ
धारा 420, 464, 467, 468, 471 और 34 IPC के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, तलाश जारी

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अखिलेश पांडेय को जांजगीर-चांपा जिले के चांपा से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस घोटाले में शामिल अन्य आरोपी अनुराग पांडेय, अभिषेक पांडेय सहित अन्य की तलाश की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।