रायगढ़। जिले में नकली शराब के संगठित नेटवर्क का खुलासा होने के बाद फरार चल रहे आरोपी विनय सिंह ठाकुर पर पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Shashi Mohan Singh ने आरोपी की गिरफ्तारी अथवा उसके संबंध में ठोस सूचना देने वाले व्यक्ति को इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस के अनुसार नकली शराब के कारोबार से जुड़े मामले में नाम सामने आने के बाद से विनय सिंह ठाकुर फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही आरोपी की चल-अचल संपत्तियों का ब्यौरा जुटाकर कुर्की की कार्रवाई की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।
8 जून को हुआ था बड़े नेटवर्क का खुलासा
गौरतलब है कि 8 जून 2026 को रायगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम धनागर में छापेमारी कर नकली शराब के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया था। कार्रवाई के दौरान करीब 240 लीटर नकली शराब, स्प्रिट के ड्रम, फर्जी लेबल, नकली होलोग्राम, ढक्कन और अन्य सामग्री जब्त की गई थी।
इस मामले में मुख्य आरोपी दुष्यंत उर्फ पप्पू पटेल को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने अपने भाई सुभाष पटेल और विनय सिंह ठाकुर के साथ मिलकर अवैध कारोबार संचालित करने की जानकारी दी थी।
फार्म हाउस में तैयार होती थी नकली शराब
जांच के दौरान 10 जून को पुलिस ने आरोपी सुभाष पटेल को उसके फार्म हाउस से गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि फार्म हाउस में बड़ी मात्रा में शराब का भंडारण किया जाता था और उसमें स्प्रिट मिलाकर मात्रा बढ़ाई जाती थी।
पुलिस के मुताबिक शराब का रंग हल्का पड़ने पर उसमें चायपत्ती का रंग मिलाया जाता था, ताकि वह असली शराब जैसी दिखाई दे। इसके बाद फर्जी होलोग्राम और नकली लेबल लगाकर विभिन्न क्षेत्रों में कोचियों के माध्यम से बिक्री की जाती थी।
घर पर चस्पा किया गया नोटिस
मुख्य आरोपी विनय सिंह ठाकुर, निवासी विकास नगर गली क्रमांक-03, कोतरारोड़, 8 जून से फरार है। 17 जून को पुलिस टीम उसके घर पहुंची, लेकिन मकान बंद मिला। आसपास के लोगों ने बताया कि आरोपी और उसके परिजन कई दिनों से घर पर नहीं हैं।
इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार आरोपी के घर पर नोटिस चस्पा कर तीन दिनों के भीतर थाना कोतरारोड़ में उपस्थित होने के निर्देश दिए थे।
संपत्ति कुर्क कराने की तैयारी
पुलिस अब आरोपी की चल और अचल संपत्तियों का विवरण जुटा रही है। थाना प्रभारी कोतरारोड़ Sheel Aditya द्वारा जिला पंजीयक और कार्यपालिक दंडाधिकारी को पत्र भेजकर आरोपी की संपत्तियों की जानकारी मांगी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार संपत्तियों का विवरण मिलने के बाद न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत कर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
सूचना देने वालों से अपील
रायगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से फरार आरोपी के संबंध में जानकारी साझा करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।





