रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में नकली शराब के बड़े अवैध कारोबार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। खरसिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम धनागर में देर रात की गई छापेमार कार्रवाई में एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में नकली शराब, फर्जी होलोग्राम, पैकिंग सामग्री और शराब निर्माण में उपयोग किए जाने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में अंतरराज्यीय शराब तस्करी और आबकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचाने के संकेत मिले हैं।
ब्रांडेड शराब के नाम पर बेची जा रही थी नकली शराब
पुलिस के अनुसार आरोपी झारखंड और ओडिशा से अवैध शराब लाकर उसे विभिन्न कंपनियों की ब्रांडेड अंग्रेजी शराब की बोतलों में भरता था। इसके बाद नकली होलोग्राम और सील लगाकर शराब को असली उत्पाद के रूप में बाजार में खपाया जाता था। जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई कर रहा था।
विशेष अभियान में हुई कार्रवाई
एसएसपी शशिमोहन सिंह के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान लाखों रुपये मूल्य की अवैध शराब, नकली होलोग्राम, पैकिंग सामग्री और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए।
अधिकारियों का कहना है कि इस कारोबार के जरिए न केवल उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था, बल्कि शासन को आबकारी राजस्व का भी भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा था।
गाय के कोठे से मिला शराब का जखीरा
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू निवासी धनागर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने अपने बड़े भाई सुभाष पटेल और सहयोगी विनय सिंह की संलिप्तता की जानकारी दी है।
तलाशी के दौरान आरोपी के घर परिसर में स्थित गाय रखने वाले कोठे से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। मौके से विभिन्न ब्रांडों की पैकेजिंग में शराब, खाली बोतलें, ढक्कन, नकली लेबल और अन्य सामग्री जब्त की गई।
पूछताछ में हुए कई खुलासे
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ विभिन्न राज्यों से शराब खरीदकर उसमें स्प्रिट और अन्य पदार्थ मिलाकर मात्रा बढ़ाते थे। पुराने शराब की बोतलों को साफ कर उन पर डुप्लीकेट लेबल और नकली होलोग्राम लगाकर दोबारा पैक किया जाता था।
तैयार नकली शराब को कोचियों के माध्यम से बाजार में असली शराब के साथ बेचा जाता था। इससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था।
240 लीटर नकली शराब जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विभिन्न पैमानों की 869 बोतलों में लगभग 240 लीटर नकली शराब जब्त की है। इसके अलावा स्प्रिट के ड्रम, केटली, शराब ढक्कन, खाली बोतलें और पैकिंग सामग्री भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार जब्त नकली शराब की बिक्री से करीब 2.16 लाख रुपये का अवैध मुनाफा होने की संभावना थी। आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह कोरोना काल से इस अवैध कारोबार में संलिप्त था।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर फरार सुभाष पटेल और विनय सिंह की तलाश शुरू कर दी है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशिमोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अवैध नेटवर्क से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम जनता की जान से खिलवाड़ करने वाले ऐसे संगठित गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।





