रायगढ़ जिले के घरघोड़ा स्थित दुर्गा मंदिर परिसर से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। बेटे की मौत के सदमे में एक पिता ने कथित रूप से मंदिर के बाहर अपनी जीभ काट ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार एफसीआई गोदाम के पास रहने वाले सनत कुमार खांडे के 8 वर्षीय बेटे रितेश कुमार खांडे की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई थी। बेटे की असमय मौत से पिता गहरे मानसिक आघात में था। परिजनों के मुताबिक वह पूरी रात तनाव और सदमे में रहा।
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 3 बजे सनत कुमार घरघोड़ा के प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर पहुंचा, जहां उसने कथित रूप से आवेश में आकर अपनी जीभ काट ली। घटना के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने से वह मंदिर परिसर में ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
मंदिर परिसर में मौजूद लोगों ने तत्काल उसे संभाला और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है। स्थानीय लोग इसे बेटे को खोने के गहरे दर्द और मानसिक सदमे से जोड़कर देख रहे हैं।





