September 4, 2026

Raigarh Firing Case: शराब दुकान में गार्ड पर गोली चलाने वाला 19 वर्षीय आरोपी बिहार से गिरफ्तार, साथी फरार

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के गेरवानी स्थित शराब दुकान में सुरक्षा गार्ड पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने फायरिंग करने वाले 19 वर्षीय आरोपी विवेक कुमार यादव को बिहार के जमुई जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल भी बरामद की गई है। वहीं, वारदात में शामिल उसका साथी रोशन ठाकुर अभी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

17 अगस्त की रात गार्ड पर चलाई थी गोली

मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है। 17 अगस्त 2026 की रात करीब 10:30 बजे गेरवानी शराब दुकान में तैनात सुरक्षा गार्ड चंद्रशेखर पटेल (43) का कुछ युवकों से विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के बाद विवेक कुमार यादव ने पिस्टल निकालकर गार्ड पर गोली चला दी। गोली चंद्रशेखर के पेट में लगी, जिसके बाद वह अपनी जान बचाने के लिए आहाते के पीछे चला गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल गार्ड को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गार्ड की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

CCTV और तकनीकी जांच से मिली आरोपी की जानकारी

पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आसपास के प्लांटों में पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी विवेक के बिहार में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस टीम को बिहार के जमुई जिले भेजा गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी को भनक लगते ही वह घर से निकलकर खेत की ओर भागकर छिपने की कोशिश करने लगा। करीब दो घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया और रायगढ़ लेकर आई।

30 हजार रुपये में खरीदी थी पिस्टल

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गेरवानी स्थित अग्रोहा स्टील प्राइवेट लिमिटेड में मजदूरी करता था। वहां फोरमैन द्वारा परेशान किए जाने के कारण उसने उसे डराने के इरादे से बिहार से करीब 30 हजार रुपये में पिस्टल और एक गोली खरीदी थी।

पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को विवेक अपने साथी रोशन ठाकुर के साथ गेरवानी शराब दुकान पहुंचा था। देर रात आने को लेकर सुरक्षा गार्ड चंद्रशेखर ने दोनों को डांटा, जिसके बाद विवाद हुआ। बाद में दोनों लेबर क्वार्टर लौट गए। पुलिस का दावा है कि रोशन के नाराज होने के बाद विवेक बदला लेने के इरादे से दोबारा पिस्टल लेकर शराब दुकान पहुंचा और गार्ड पर फायरिंग कर दी।

साथी रोशन ठाकुर की तलाश जारी

पुलिस ने आरोपी विवेक कुमार यादव को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पिस्टल बरामद कर ली है। वहीं, मामले में फरार आरोपी रोशन ठाकुर की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि अपराध कर किसी दूसरे राज्य में छिपने वाले आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस टीमों के समन्वय से फरार आरोपी को भी जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।