July 23, 2026

घरघोड़ा में व्यवसायी की संपत्ति हड़पने की साजिश का खुलासा, पत्नी और साला गिरफ्तार

रायगढ़। जिले के घरघोड़ा क्षेत्र में एक व्यवसायी की मेहनत की कमाई और संपत्ति हड़पने की साजिश का मामला सामने आया है। जांच के बाद पुलिस ने व्यवसायी की पत्नी और साले को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार घरघोड़ा निवासी व्यवसायी पिंगल कुमार बघेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी सीमा बघेल, साला कृष्ण कुमार यादव और ससुर भरतलाल यादव ने मिलकर उसकी नकदी और संपत्ति पर कब्जा करने की साजिश रची। मामले की जांच एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी द्वारा की गई, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए।

जानकारी के मुताबिक व्यवसायी फेब्रिकेशन, सेंट्रिंग और मीडिया से जुड़े कार्य करता है और अपनी आय पत्नी को सुरक्षित रखने के लिए देता था। वर्ष 2014 में संदेह होने पर उसने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए, जिसमें कथित तौर पर पत्नी को आलमारी से पैसे निकालकर अपने भाई कृष्ण कुमार यादव को देते हुए देखा गया। जांच में आरोपी के बैंक खातों में करीब 22 लाख रुपये के लेन-देन की जानकारी भी सामने आई है।

इसके अलावा शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि तमनार क्षेत्र में मुआवजा और नौकरी मिलने की संभावना वाली जमीन को दबाव बनाकर 13.50 लाख रुपये में पत्नी के नाम रजिस्ट्री कराई गई, जिसके बाद अन्य संपत्तियों पर कब्जे की कोशिश भी की गई।

एसडीओपी जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपियों ने मिलकर आर्थिक नुकसान पहुंचाने और संपत्ति से अनुचित लाभ लेने की कोशिश की। इसके आधार पर घरघोड़ा थाना में अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई।

पुलिस ने 4 जून को कार्रवाई करते हुए पत्नी सीमा बघेल और साले कृष्ण कुमार यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। मामले की जांच अभी भी जारी है।