July 23, 2026

रायगढ़ में SP ऑफिस के सामने बदमाश का हंगामा, थाना प्रभारी पर लगाए गंभीर आरोप; पुलिस ने गिरफ्तार कर निकाला पैदल मार्च

रायगढ़। रायगढ़ में शुक्रवार को एसपी कार्यालय के सामने उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब शहर के नामी बदमाश चाहत शुक्ला ने सिटी कोतवाली थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर प्रदर्शन किया। घटना के कुछ ही देर बाद कोतवाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और पैदल मार्च कराते हुए न्यायालय में पेश किया।

थाना प्रभारी पर लगाए गंभीर आरोप

एसपी कार्यालय के सामने हंगामा करते हुए चाहत शुक्ला ने सिटी कोतवाली थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल पर राजनीतिक संरक्षण में काम करने का आरोप लगाया। उसने दावा किया कि थाना प्रभारी वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के रिश्तेदार होने का फायदा उठाते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं।

जिला बदर कार्रवाई पर भी उठाए सवाल

चाहत शुक्ला ने आरोप लगाया कि उसे दो बार जिला बदर किया गया था, लेकिन अदालत से राहत मिलने के बावजूद पुलिस लगातार उसे प्रताड़ित कर रही है। उसने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए एसपी कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया।

हंगामे के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार

हंगामे की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और चाहत शुक्ला को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे शहर में पैदल मार्च कराते हुए न्यायालय में पेश किया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।