July 30, 2026

रायगढ़ में 57 HIV पॉजिटिव मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, मंत्री ने कहा- घबराने की जरूरत नहीं

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में स्वास्थ्य विभाग की जांच के दौरान 57 लोगों के HIV पॉजिटिव पाए जाने के बाद स्वास्थ्य अमला अलर्ट मोड पर आ गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार ने निगरानी और जांच अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराने की बजाय जागरूक रहने की अपील की है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केवल रायगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में विशेष अभियान चलाकर HIV संक्रमण की जांच कर रही है। जांच के दौरान जिन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है, उन्हें आवश्यक उपचार और परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास HIV संक्रमित मरीजों के इलाज और देखभाल के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं।

मंत्री जायसवाल ने कहा कि HIV संक्रमण को लेकर डरने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि समय पर जांच और उपचार से मरीज सामान्य जीवन जी सकते हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग संक्रमित व्यक्तियों की काउंसलिंग और नियमित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित कर रहा है।

उन्होंने युवाओं में बढ़ते नशे को भी चिंता का विषय बताते हुए कहा कि कुछ लोग नशीली दवाइयों का दुरुपयोग कर रहे हैं, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे मामलों पर प्रशासन और पुलिस लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। नशे के खिलाफ अभियान भी चलाया जा रहा है ताकि युवाओं को इसके दुष्प्रभावों से बचाया जा सके।

स्वास्थ्य मंत्री ने समाज और परिवार की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि HIV जैसी बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है। परिवार और समाज को संक्रमित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाना चाहिए तथा उन्हें सामाजिक सहयोग देना चाहिए।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही लोगों से सुरक्षित व्यवहार अपनाने, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और किसी भी प्रकार की शंका होने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की गई है। सरकार का कहना है कि जागरूकता, समय पर जांच और उपचार ही HIV संक्रमण की रोकथाम का सबसे प्रभावी उपाय है।