July 23, 2026

बालोद में 1 मिनट लेट आने पर छात्र की पिटाई, शिक्षक पर केस दर्ज

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मिडिल स्कूल के एक शिक्षक द्वारा 12 वर्षीय छात्र की कथित पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि शॉर्ट रिसेस के बाद छात्र के महज एक मिनट देर से कक्षा में पहुंचने पर शिक्षक ने उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट कर दी। घटना में छात्र के सिर में चोट आई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कर उपचार कराया गया। पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रिसेस के बाद एक मिनट देरी पर मारपीट

घटना डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के एक मिडिल स्कूल की है। परिजनों के अनुसार, स्कूल में पदस्थ शिक्षक लोकेश्वर निषाद ने कक्षा सातवीं के 12 वर्षीय छात्र को शॉर्ट रिसेस के बाद एक मिनट देरी से कक्षा में पहुंचने पर पहले गाली-गलौज की और फिर उसकी पिटाई कर दी।

सिर में आई चोट, अस्पताल में कराया इलाज

मारपीट के दौरान छात्र के सिर में चोट लग गई। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार किया गया।

शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज

घटना के बाद छात्र के परिजनों ने डौंडीलोहारा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिक्षक लोकेश्वर निषाद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और 296 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद स्कूल के विद्यार्थियों और अभिभावकों में भी नाराजगी का माहौल है।