रायगढ़। जिले के छातामुड़ा बाईपास रोड स्थित एक कबाड़ी गोदाम में शनिवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के कई प्रतिष्ठानों को खाली कराना पड़ा।
बताया जा रहा है कि जिस कबाड़ी गोदाम में आग लगी, उसके ठीक बगल में हीरो मोटरसाइकिल का शोरूम स्थित है। आग लगातार फैलने लगी तो प्रशासन ने एहतियातन आसपास के शोरूम और दुकानों को तत्काल खाली कराया। स्थानीय लोग भी अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन आग की भयावहता के सामने शुरुआती प्रयास नाकाफी साबित हुए।
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम प्रशासन की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। हालांकि आग तेजी से फैलने के कारण नगर निगम की फायर ब्रिगेड गाड़ियां भी कम पड़ गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए NTPC लारा और जिंदल स्टील एंड पावर से अतिरिक्त फायर ब्रिगेड टीमों को बुलाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग के कारण पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया है। प्रशासन लगातार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने में जुटा हुआ है। फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है और किसी बड़े नुकसान की आशंका को देखते हुए इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
नेशनल हाईवे पर लगा जाम
रायगढ़-रायपुर मार्ग स्थित इस नेशनल हाईवे पर कबाड़ी गोदाम में लगी आग के कारण भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है और लोगों को घटनास्थल से दूर रखने का प्रयास किया जा रहा है।
हीरो शोरूम तक पहुंची आग
कबाड़ी गोदाम से उठी आग की लपटें बगल में स्थित हीरो होंडा शोरूम तक पहुंच गईं। इसके बाद शोरूम में रखी नई मोटरसाइकिलों को तेजी से बाहर निकाला जाने लगा। आग बुझाने में जुटी टीम ने शोरूम खाली कराने के लिए अतिरिक्त मदद भी मांगी है।
अब तक लाखों रुपये का कबाड़ और अन्य सामान जलकर खाक हो चुका है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।





