March 4, 2026

रायगढ़: दो आरोपियों ने युवक को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, इलाज के दौरान मौत

रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक भयावह घटना सामने आई है, जिसमें एक युवक को रास्ता रोककर मारपीट करते हुए दो लोगों ने पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। गंभीर रूप से झुलसे युवक की इलाज के दौरान रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत हो गई। यह मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है।

मृतक के मामा शत्रुघन पटेल ने बताया कि शिव प्रसाद पटेल, निवासी चपले, 16 फरवरी को बैंक का काम निपटाने मौहापाली आए थे। रात करीब साढ़े 10 बजे वह मौहापाली से चपले लौट रहे थे, तभी भांठापारा बस्ती में दो लोगों ने उनका रास्ता रोका और हथियार से हमला कर पेट्रोल डाल दिया। घटना में शिव प्रसाद लगभग 60 प्रतिशत झुलस गए थे।

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन उन्हें तुरंत खरसिया अस्पताल ले गए, जहाँ से उन्हें रायगढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान बुधवार शाम करीब 6 बजे उनकी मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज में दो लोगों को शिव प्रसाद को रोकते हुए देखा गया है, जिन पर इस घटना को अंजाम देने का शक है। परिजनों ने इन आरोपियों की पहचान निलेश डंजारे और गंगाराम उर्फ कृष्णा के रूप में की है, जो गांव के ही निवासी हैं।

पुलिस ने निलेश डंजारे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। परिजनों का कहना है कि दोनों आरोपी अपराधी प्रवृत्ति के हैं और अक्सर देर रात लोगों के साथ मारपीट और लूटपाट की घटनाओं में शामिल रहते हैं। परिजनों का संदेह है कि इस वारदात का मकसद भी लूटपाट ही था।