रायगढ़ जिला मुख्यालय से लगे जिंदल कॉलोनी क्षेत्र में तेंदुआ देखे जाने का मामला सामने आया है। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर सर्चिंग में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय से करीब 8 किलोमीटर दूर स्थित जिंदल कंपनी कॉलोनी के पास गार्डन क्षेत्र में सोमवार रात एक तेंदुआ देखा गया। इस दौरान कुछ लोगों ने उसका वीडियो बना लिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो करीब 8 सेकंड का है, जिसमें तेंदुआ गार्डन से होते हुए जंगल की ओर जाता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का अनुमान है कि तेंदुआ जंगल से भटककर रिहायशी इलाके में पहुंच गया होगा।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, जिंदल कॉलोनी स्थित शूटिंग रेंज के पास तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिली है, जिसकी पुष्टि के लिए जांच जारी है।
फिलहाल वन विभाग ने तेंदुए की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन एहतियात के तौर पर क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।





