May 16, 2026

रायगढ़ मर्डर: लिव-इन पार्टनर ने मंगलसूत्र से घोंट दी महिला की जान, पोस्टमार्टम में खुला राज

रायगढ़। जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे युवक ने अपनी महिला साथी की मंगलसूत्र से गला घोंटकर हत्या कर दी। कोतरारोड़ पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज

पुलिस के अनुसार, जिंदल अस्पताल पतरापाली से धनेश्वरी विश्वकर्मा की आकस्मिक मृत्यु की सूचना मिलने पर मर्ग कायम कर पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया गया।

शुरुआत में मामला सामान्य मौत का लग रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले पर दबाव से दम घुटने की पुष्टि हुई, जिसे तकनीकी रूप से ‘होमिसाइडल’ यानी हत्या माना गया।

साथी युवक पर गया शक

जांच के दौरान पुलिस का शक मृतिका के साथ रह रहे युवक विकेश कुमार बरेठ पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

विवाद के बाद हत्या

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि धनेश्वरी समय पर दवाइयां नहीं लेती थी और उसका पति से तलाक भी नहीं हुआ था, जिससे दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

घटना वाले दिन भी झगड़ा हुआ। गुस्से में आकर आरोपी ने पहले थप्पड़ मारा, फिर जब महिला जाने लगी तो पीछे से उसका मंगलसूत्र खींच लिया, जिससे गला दब गया और उसकी मौत हो गई।

अस्पताल ले जाकर छिपाने की कोशिश

घटना के बाद घबराए आरोपी ने महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उसने मामले को छिपाने की भी कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सच्चाई उजागर कर दी।

4 साल से साथ रह रहे थे

मृतका धनेश्वरी विश्वकर्मा (32) की शादी पहले ही हो चुकी थी और उसके तीन बच्चे हैं। पति से विवाद के बाद वह मायके में रह रही थी।

इसी दौरान उसकी मुलाकात विकेश बरेठ (26) से हुई और दोनों पिछले चार वर्षों से किरोड़ीमल नगर में साथ रह रहे थे।

आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।