रायगढ़ | छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया स्थित मंगल कार्बन प्लांट में गुरुवार को टायर रिसाइक्लिंग के दौरान जोरदार धमाका हुआ। इस दर्दनाक हादसे में 8 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें एक 9 महीने का मासूम बच्चा भी शामिल है। घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया।
घटना खरसिया थाना क्षेत्र के बानीपाथर की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। ब्लास्ट में निकली गर्म गैस और आग ने आसपास काम कर रहे मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया।
सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत को गंभीर बताया। कई मजदूर 70–80% तक झुलस चुके हैं, और 9 महीने के मासूम की स्थिति बेहद नाजुक है।

प्रारंभिक जांच में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि प्लांट में पुराने टायरों को कार्बन में बदलते समय बॉयलर में दबाव अधिक बढ़ने या तकनीकी खामी के कारण विस्फोट हुआ। पुलिस और तकनीकी टीम हादसे की बारीकी से जांच कर रही है।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने प्लांट परिसर को सील कर दिया है और सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाए हैं। यह भी जांच का विषय है कि मासूम बच्चा प्लांट परिसर में कैसे मौजूद था और क्या मजदूरों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे। अधिकारियों ने कहा कि जांच के बाद प्लांट प्रबंधन की लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





