रायगढ़। लखीराम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गायनिक वार्ड के बाथरूम के बाहर एक मरीज का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने चक्रधर नगर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
दो दिन पहले इलाज के लिए अस्पताल में हुआ था भर्ती
मृतक की पहचान 55 वर्षीय नारद लहरे के रूप में हुई है। वह सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भिखामपुरा के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि नारद लहरे पीलिया से पीड़ित थे और करीब दो दिन पहले इलाज के लिए लखीराम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती हुए थे।
सुबह बाथरूम के बाहर मिला शव
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 5 बजे नारद लहरे ने अपनी पैंट से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद अस्पताल परिसर में उनका शव लटका हुआ मिलने से वहां अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। चक्रधर नगर पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मरीज ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया। घटना से जुड़े परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और अस्पताल में मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया के साथ पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।





